बाबा नागार्जुन
कुछ यादें मेरे हिस्से में [दो]
छोटे शहरों में जेंडर संकोच हर फ्रेम में किसी भी समय देखा जा सकता है। स्कूल के दिनों में एक असफल प्रेम के बाद जब पहली बार अपने से तीन साल बड़ी उम्र की लड़की ने दरभंगा में मेरा प्रेम निवेदन स्वीकार किया, तो मेरे लिए यकीन करना मुश्किल था। मैं उससे अक्सर कहता था कि हम इस शहर के पहले प्रेमी होंगे, अगर तुम मुझे प्यार करने लगोगी। इससे पहले प्रेम में हत्याओं की कुछ कहानियां थीं, जिनके सही-सही तथ्य हमसे उसी तरह दूर थे — जैसे कला के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान का रहस्य होता है। पर उसे अपनी सहेलियों के प्रेम-प्रसंग पता थे। स्वीकार के उस पहले दिन मेरे दोनों गालों को अपने हाथों में लेते हुए उसने रहस्योदघाटन किया कि हमारे शहर में भी प्रेम के मोती अनगिनत सीपियों में बंद हैं। ये वो दिन थे, जब बाबा के यहां जाने की जगह मैं अपनी प्रेमिका के साथ वक्त बिताने के लिए सुरक्षित ठिकाने ढूंढता रहता था। अपने जीवन की इस खूबसूरत घटना के बारे में मैंने बाबा को कभी नहीं बताया, पर उस लड़की को एक दिन उनसे मिलवाने ले गया। बाबा ने उस दिन लड़कियों के बारे में बात की। साइकिल चलाने वाली लड़कियों के हाथ से बजने वाली साइकिल की घंटी से निकलने वाले संगीत के कई आयाम बताये। बताया कि जब सारी लड़कियां साइकिल चलाना सीख जाएंगी, सुराज आ जाएगा। मेरी प्रेमिका से उन्होंने पूछा कि तुम साइकिल चलाना जानती हो? उसने नहीं में सिर हिलाया। बाबा ने कहा कि सीख लो, वरना ये लड़का तुम्हें अपनी साइकिल पर बैठा कर उड़ा ले जाएगा। वो शरमा गयी और मेरे चेहरे का रंग उड़ गया। उस दिन के बाद मैं कभी उसे बाबा के पास नहीं ले गया।
#
हमारे लिए पटना एक बड़ा आकर्षण था। वहां साहित्य से जुड़े ज्यादा लोग रहते थे। ज्यादा गतिविधियां थीं। तब पटना में आना-जाना लगभग नहीं के बराबर था। उस समय हमारे पास लोगों की नजर में आने लायक रचना भी नहीं थी। पर एक चीज थी, जो लोगों की निगाह में जल्दी ले आती थी — वह था रचनात्मक उधम। बाबा ने एक बार गुस्से में कहा भी था कि किताबें सूंघो मत, पढ़ो। जाहिर है, हम तब किताबों के नाम ज्यादा जानते थे, किताबों के अध्याय और किताबों की बातों से बहुत कम रिश्ता था। सन ‘93 या ‘94 में जब प्रगतिशील लेखक संघ का राष्ट्रीय सम्मेलन हुआ था, बाबा के साथ मैं पटना आया था। उस यात्रा की कई यादें हैं, पर आज उस शाम का जिक्र कर रहा हूं, जब बाबा के साथ मैं मैथिली के एक बड़े समालोचक मोहन भारद्वाज के यहां गया था। उससे पहले मैंने मोहन भारद्वाज के बारे में किसी पत्रिका में काफी उल्टी-सीधी बातें की थीं। उन्हें ब्राह्मणवाद का पोषक आलोचक मानता था। हालांकि मेरी यह राय बदली (और उनकी सहृदयता से रिश्ते भी), जब मैंने उन्हें पढ़ना शुरू किया, उनके सरोकार समझ में आये। उन्होंने बाबा के उपन्यास ‘बलचनमा’ पर एक खूबसूरत किताब भी लिखी है। ‘बलचनमा’ चालीस के दशक में बाबा ने लिखी थी। उस समय मिथिला के सामाजिक इतिहास को बलचनमा के माध्यम से मोहन भारद्वाज ने अपनी किताब में समझने-समझाने की कोशिश की है। मोहन भारद्वाज तब आर ब्लॉक के पास एक सरकारी क्वार्टर के ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे। उनके यहां उस शाम हिंदी मैथिली के कई लेखक जुटे थे। एक कमरे में खचाखच भरे हुए लोग और बीच में बाबा। मैं बाबा के बगल में बैठा था। सबने मिल कर बाबा से बातचीत की और वह बातचीत रिकॉर्ड हुई। मैंने भी उत्साहित होकर एक सवाल किया कि साहित्य की नयी पीढ़ी के बारे में आप क्या सोचते हैं। गंभीर सवालों के बीच इस बेहद मामूली और सतही सवाल से बाबा को सांस लेने का मौका मिला और उन्होंने मेरा हाथ पकड़ कर कहा — “जब पीढ़ा घिसता है, तो पीढ़ी बनती है”। मुझे तब इसका तात्पर्य समझ में नहीं आया, पर जवाब पाकर ऐसे संतुष्ट दिखा जैसे सब समझ गया। [यह बातचीत मैथिली पत्रिका देसकोस में छपी और बाद में इस पूरी बातचीत का अनुवाद समकालीन भारतीय साहित्य के एक अंक में भी छपा।]
Get Avinash Das’s stories in your inbox
Join Medium for free to get updates from this writer.
#
ऑपरेशन ब्लू स्टार के समय जलते हुए पंजाब में लेखकों ने नयी तरह से प्रतिरोध का बिगुल फूंका था। थोड़े थोड़े समय पर रात में वे किसी गांव में इकट्ठे होते थे। कहानियां-कविताएं सुनते-सुनाते थे। पंजाब में यह “दिवा बले सारी रात” के नाम से मशहूर हुआ। यानी दीया जले सारी रात। दमन की आग मद्धिम पड़ी, तो इस जुटान का सिलसिला खत्म हो गया। ठीक उसी समय सन ‘90 में कुछ मैथिली लेखकों ने मिल कर झंझारपुर (मधुबनी) के पास लोहना गांव में कहानियों पर ऐसा ही एक आयोजन शुरू किया। सगर राति दीप जरय। सारी रात दीया जले। हर तीन महीने पर मैथिली के रचनाकार किसी एक गांव में जुटते हैं और सारी रात (शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक) कहानियों का पाठ और उन पर चर्चा होती है। कोई एक लेखक इस आयोजन का मेजबान होता है और सब अपने अपने खर्चे पर उसके यहां पहुंचते हैं। यह आज भी बदस्तूर जारी है। मैं बीस से अधिक आयोजनों में हिस्सा ले चुका हूं। बाबा के बड़े बेटे शोभाकांत जी ने एक बार अपने गांव तरौनी में “सगर राति दीप जरय” का आयोजन किया। तरौनी दरभंगा से बीस-पचीस किलोमीटर पर मधुबनी के रास्ते में सकरी के पास है। शोभा चचा बाबा को लेकर दो-तीन दिन पहले ही गांव पहुंच गये। मैं आयोजन के दिन पहुंचा। गर्मी के दिन थे और दालान के सामने दरियां बिछायी गयी। मैथिली के लेखकों में बाबा की उपस्थिति की वजह से स्वाभाविक उत्साह था। वे बड़ी संख्या में आये। गया से हिंदी के आलोचक सुरेंद्र चौधरी भी आये थे। [हिंदी कहानियों पर सुरेंद्र चौधरी का बहुत विशिष्ट काम है। 2009 में जेएनयू के शोध छात्र उदय शंकर ने उनके रचना संसार को तीन पुस्तक-खंडों में समेटा है, जिसे अंतिका प्रकाशन ने छापा है।] शाम होते होते बाबा ने कहा कि वे भी रात भर जगेंगे। उनके लिए एक चौकी रखी गयी। चौकी के बीचोबीच बाबा बैठे। कई कहानियां सुनीं। अपनी अस्पष्ट आवाज में उन्होंने प्रतिक्रियाएं भी दीं। लेकिन दस बजते बजते ओस की बूंदों ने उन्हें हलकान कर दिया। वे बुरी तरह खांसने लगे। उसी चौकी पर लेट गये। किसी को उन्होंने इशारे से कहा कि कंबल ओढ़ा दे। शोभा चचा ने उन्हें घर में सोने के लिए कहा, पर वे वहीं सोये। कहा कि नींद में भी शब्द कानों में घुसते हैं। बाबा सो गये और सुबह चार बजे जब उनकी नींद खुली, उन्होंने देखा कि लोग अभी भी कहानियां पढ़ रहे हैं, कहानियां सुन रहे हैं।
#
कभी कभी किसी किताब की तलब होती है। पिछले दिनों ताजिकिस्तान की ताजिक भाषा के विख्यात लेखक सदरुद्दीन एनी की किताब “गुलामान” खोज रहा था। किसी ने कहा कि आजमगढ़ में राहुल सांकृत्यायन लाइब्ररी है, वहां मिल जाएगी। गुलामान का हिंदी अनुवाद राहुल जी ने 1947 में किया था। अब कोई लाइब्रेरी जाने की सलाह नहीं देता। मुझे भी याद नहीं, पिछली बार कब मैं किसी लाइब्ररी में घुसा था। पहली बार रांची में रामकृष्ण मिशन लाइब्रेरी देख कर लगा था कि यहां तो अय्यारों की दुनिया है। एक कहानी में घुसो, दूसरी कहानी में निकलो। ‘92 में दरभंगा लौटने पर कोई ऐसी लाइब्रेरी तो नहीं मिली, लेकिन पुराने बस स्टैंड के पास मिथिला विश्वविद्यालय के बाहर एक छोटी सी गुमटी मिल गयी, जहां साहित्यिक किताबें और हिंदी की लघुपत्रिकाएं बिकती थीं। गुमटी का नाम था, मैत्रेयी साहित्य संगम। इस गुमटी के ठीक सामने सर्वे ऑफिस था, जहां दस्तावेजों का काम होता है। पर यहां किताबें खरीदनी पड़ती। पैसे होते नहीं थे। इसका उपाय भी मैत्रेयी साहित्य संगम के संचालक ने निकाल दिया। उन्होंने मुझे पीएचडी थीसिस की नकल का काम दे दिया। मैं वहीं एक चाय की दुकान पर बैठ कर यह काम करता था और बदले में हर महीने पांच-छह किताबें और पत्र-पत्रिकाएं मिल जाती थीं। वहां शहर के कुछ पढ़ने-लिखने वाले शाम को जुटते थे। एक शाम जब मैं वहां था, तो मुझे पता चला कि बाबा नागार्जुन आये हुए हैं। मैं तब तक बाबा से नहीं मिला था। वहीं मैंने उनके घर का पता लिया और अपनी साइकिल पंडासराय की तरफ हांक दी। वहां से करीब सात-आठ किलोमीटर की दूरी थी। पूछते-पाछते मैं करीब आठ बजे बाबा के घर पहुंचा। शोभाकांत जी से मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि बाबा तो सोने चले गये। आप सुबह आइए। मैं घर लौट आया। रात भर किसी तरह नींद आयी। सुबह बाबा से मिलने का उत्साह अपने उरुज पर था। आमतौर पर देर से मेरी नींद खुलती थी, पर उस दिन सुबह छह बजे उठ गया। जाड़े की सुबह थी। साढ़े छह बजते-बजते धूप निकल आयी। सात बजे तक मैं बाबा के यहां पहुंच गया। बाबा घर के पिछवाड़े में बैठे थे। धूप वहां सीधे आ रही थी। सामने बरसाती पानी का ढेर जमा था। उस पर जलकुंभियां उग आयी थीं। बाबा ने मुझे देखा। कुछ नहीं बोले। बोल नहीं पा रहे थे। बहुत बीमार थे। फिर थोड़ी देर बाद मेरी डायरी लेकर उन्होंने उसमें लिखा, “तुम आये, अच्छा लगा। युवाओं से मिल कर ताजगी मिलती है। अगली बार जब भी आना, समय लेकर आना।” यह बाबा से मेरी पहली मुलाकात का किस्सा है, जो बाद में एक ऐसे अनौपचारिक रिश्ते में बदल गया, जिसमें समय लेकर आने का आदेश अदृश्य हो गया था।
#
जब सोवियत संघ के टुकड़े नहीं हुए थे और भारत में मनमोहिनी अर्थव्यवस्था का अंदेशा तक नहीं था, हमारे बाजारों में देसी स्वाद बचा हुआ था। मेले-ठेले धानी रंग की चूड़ियों जैसे खनकते थे। वामपंथियों में उम्मीद बची हुई थी कि समाजवाद आएगा। नब्बे में इस उम्मीद को झटका लगा, जब सोवियत रूस के टुकड़े हो गये। उसकी भारतीय व्याख्याएं नयी उम्मीद के बीजारोपण की तरह शुरू हुई कि भारत में संघर्ष के लक्ष्य और तरीके अपनी मौलिकता में खोजने होंगे। लेकिन 91 में मनमोहन सिंह के वित्तमंत्री बनने और उदारीकरण को लेकर उनकी प्रतिबद्धता ने देश की उम्मीदों को दूसरा झटका दिया। उन दिनों लगभग हर गोष्ठी और लेख में उदारीकरण के खिलाफ गुस्सा दिखता था। हालांकि मुझे ठीक-ठीक मालूम नहीं कि उदारीकरण की समझ को लेकर हमारे शहर के बुद्धिजीवियों में कितनी गंभीरता थी, लेकिन अगर कोई जुमलों में ही सही, गोष्ठी में अपनी बात रखते हुए उदारीकरण शब्द बार-बार दोहराता था, तो ऐसा लगता था कि उस शख्स के सरोकार कितने पवित्र और ईमानदार हैं। उदारीकरण के जिक्र और परिभाषा के बिना कोई भी लेख सूखा और अधूरा लगता था। सन ‘93 में राहुल सांकृत्यायन पर एक गोष्ठी दरभंगा की अभिव्यक्ति संस्था ने पूनम सिनेमा हॉल के पास एक सरकारी स्कूल में शाम के वक्त रखी। बाबा नागार्जुन उस गोष्ठी के अध्यक्ष थे। सबसे पहले श्री बाबू ने अपनी बात रखी। श्री बाबू (श्रीनारायण सिंह) हिंदी के प्रोफेसर और शहर के बड़े विद्वान थे। उन्होंने नयी भारतीय परिस्थितियों में उदारीकरण के खतरे को समझने के लिए राहुल जी के जीवन और कृतित्व का महत्व बताया। बाबा के चेहरे पर संतोष की एक बारीक सी रेखा मैंने महसूस की। दूसरे वक्ता थे, सकलदेव शर्मा। वह भी हिंदी के प्रोफेसर थे और संस्कार भारती के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते थे। छोटे शहरों में तब अलग-अलग विचारधाराओं के विद्वान आपसी साझेदारी से सांस्कृतिक माहौल को जीवंत रखते थे। सकलदेव बाबू ग्यारह पन्नों का लेख लाये थे। माइक पर आये और उसे पढ़ने लगे, तो मैंने देखा कि बाबा मन कसैला हो रहा है। पहले तीन पन्नों तक उस लेख में राहुल सांकृत्यायन का जन्म, बचपन और युवावस्था का जिक्र था। बाबा का मन उचाट हो गया। कोई नयी बात नहीं, नये आयाम नहीं। बाबा चीख पड़े, “बंद करो इसे। बकवास है। पोथा पढ़ रहा है। आखिरी पारा पढ़ो।” मैंने देखा कि सकलदेव बाबू की पूरी देह कांपने लगी। वे कातर निगाह से बाबा की ओर देखने लगे। बाबा ने फिर कहा, “मैंने कहा न, आखिरी पारा पढ़ो… आखिरी पारा पढ़ो…” सकलदेव बाबू ने फौरन ग्यारहवें पन्ने का आखिरी पैराग्राफ निकाल कर उसे कांपते हाथों से पढ़ा और वापस अपनी जगह पर आकर धम्म से बैठ गये। संचालक और संयोजक कृष्णकुमार की आंखें उनके चश्मे से बाहर निकल आने को आतुर दिखी। लगा जैसे उनकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया है कि अब क्या होगा। बाबा ने उनसे कहा कि माइक इधर लाओ, अब सिर्फ मैं बोलूंगा। माइक की कमर झुका कर उन्होंने बाबा के मुंह के सामने रख दिया। बाबा ने कहा कि श्रीबाबू की बात समझिए कि अभी भारत में क्या हो रहा है और नये सिरे से राहुल जी को क्यों पढ़ना चाहिए। बायोडाटा बांच कर कुछ नहीं होगा। फिर वे राहुल जी के साथ के अपने कुछ संस्मरण सुनाने लगे, लेकिन पांच-सात मिनट होते-होते सांस ने उनकी आवाज का साथ देना छोड़ दिया। वे हांफने लगे और माइक को सामने से हटा दिया। गोष्ठी खत्म हो गयी। बाबा रिक्शा पर किसी के साथ बैठ कर घर चले गये और हम दरी उठाने में कृष्णकुमार जी की मदद करने लगे। इस वक्त भी कुछ लोग वहीं जमे थे, लेकिन कोई किसी से बात नहीं कर रहा था।







